- बहराइच में तेंदुए ने छत पर सो रही महिला पर हमला किया, गर्दन दबाकर गन्ने के खेत में ले गया, मौके पर मौत
- कतर्नियाघाट के सुजौली क्षेत्र में तेंदुए के हमले से महिला की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की लेकिन नहीं बचा पाए
बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में शनिवार की रात एक भयानक घटना सामने आई, जहां तेंदुए ने छत पर सो रही महिला पर अचानक हमला कर दिया। महिला की गर्दन दबोचकर उसे गन्ने के खेत में ले जाया गया। ग्रामीणों की हांका लगाने पर तेंदुआ महिला को छोड़कर भाग गया, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। यह घटना कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली वन रेंज में हुई है। मौके पर वन विभाग और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शनिवार रात करीब 1:30 बजे बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली वन रेंज के अयोध्यापुरवा गांव में रहने वाली जाहिरा (40) अपने बच्चों के साथ छत पर सो रही थी। तभी अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ महिला की गर्दन पकड़कर उसे छत से नीचे गन्ने के खेत की तरफ ले गया। महिला की चीख सुनकर बच्चे जाग गए और अपनी मां को बचाने की कोशिश करने लगे।
लेकिन तेंदुआ इतने भयानक रूप में हमलावर था कि उसने पलक झपकते ही जाहिरा को अपनी पकड़ में लेकर छत से खेत में छलांग लगा दी। वहां तेंदुए ने महिला को निवाला बनाने की कोशिश की, लेकिन तभी ग्रामीणों ने तेंदुए को भगाने के लिए लाठी-डंडे लेकर जोरदार हांका लगाया। इस आवाज के कारण तेंदुआ महिला को छोड़कर भाग गया।
परिवार के सदस्यों ने तुरंत वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। सुजौली वनक्षेत्राधिकारी रोहित कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दुखद घटना में वन विभाग के रेंजर ने पीड़ित परिवार को पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की है।
सुजौली थाना प्रभारी हरीश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और मृतका के परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी डर और शोक व्याप्त है। वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।